राहुल गांधी की देहरादून महारैली: पेपर लीक के खिलाफ छात्रों की गूंज, जगदलपुर में दीपक बैज ने मोदी सरकार पर साधा निशाना

देहरादून में राहुल गांधी की महारैली: पेपर लीक के खिलाफ छात्रों की गूंज, जगदलपुर में कांग्रेस ने उठाए सवाल

छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज जगदलपुर प्रेसवार्ता में पेपर लीक और नीट धांधली पर बोलते हुए
जगदलपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज पेपर लीक और नीट परीक्षा में धांधली पर मोदी सरकार के खिलाफ सवाल उठाते हुए।
जगदलपुर, 19 जुलाई 2026 | कोटा से शुरू हुए राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को देहरादून में आयोजित "छात्रों की गूंज" महारैली को संबोधित किया। इस विशाल जनसभा के माध्यम से उत्तराखंड के युवाओं के बीच पेपर लीक माफिया के खिलाफ लड़ाई को और मजबूती दी गई। वहीं जगदलपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने पेपर लीक की घटनाओं और नीट परीक्षा में धांधली को लेकर मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा।

राष्ट्रीय महामारी बनी पेपर लीक की घटनाएं

दीपक बैज ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि पेपर लीक का संकट अब एक राष्ट्रीय महामारी का रूप ले चुका है। अब तक 150 से अधिक पेपर लीक की घटनाओं ने 7.5 करोड़ छात्रों और उनके परिवारों को सीधे प्रभावित किया है, लेकिन अब तक एक भी दोषी को सज़ा नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि लाखों अभ्यर्थी भारी दबाव के बीच औसतन पांच वर्षों तक प्रतिदिन 10 घंटे पढ़ाई कर परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। इस तैयारी में न केवल अभ्यर्थियों, बल्कि उनके परिवारों को भी भारी आर्थिक बोझ और त्याग का सामना करना पड़ता है। हर साल लगभग 9 करोड़ अभ्यर्थियों को केवल 6 लाख सरकारी नौकरियों के लिए संघर्ष करना पड़ता है।

राहुल गांधी ने रखी शिक्षा व्यवस्था की रूपरेखा

राहुल गांधी ने देहरादून महारैली में युवाओं के सामने 21वीं सदी की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था के लिए अपना विजन रखा। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को इस तरह पुनर्गठित किया जाना चाहिए कि विद्यार्थियों के हित सर्वोपरि हों, आधुनिक और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली स्थापित हो, संस्थानों की स्वतंत्रता और जवाबदेही सुनिश्चित हो तथा शिक्षा निजीकरण और वैचारिक हस्तक्षेप से मुक्त हो।

रिया थापा के पिता का दर्दनाक किस्सा

रैली के सबसे भावुक क्षण में आत्महत्या करने वाली छात्रा रिया थापा के पिता ने अपना दर्द साझा किया। उनकी पीड़ा ने याद दिलाया कि यह संकट केवल आंकड़ों का नहीं, बल्कि उन परिवारों का है जिनकी दुनिया हमेशा के लिए बिखर गई है। इस अवसर पर मंच पर वे छात्र भी मौजूद थे जिनकी परीक्षाएं पेपर लीक या रद्द होने के कारण प्रभावित हुईं और जिनकी वर्षों की मेहनत एक झटके में बर्बाद हो गई।

जगदलपुर में बच्ची की आत्महत्या पर दीपक बैज ने उठाए सवाल

दीपक बैज ने प्रेसवार्ता में बताया कि विगत दो दिन पूर्व ही जगदलपुर के आड़ावाल की एक मासूम बच्ची सुरला हारिका राव ने नीट 2 के परिणाम से व्यथित होकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने कहा कि रद्द हुई नीट परीक्षा में बच्ची के अंक ज्यादा थे तथा नीट 2 के बाद उसके अंक कम आए, इससे दुखी होकर उसने अपनी जान दे दी। इस बच्ची की मौत और इस प्रकार से अन्य बच्चों की मौतों और उनकी हताशा के लिए मोदी सरकार जिम्मेदार है।

भाजपा पर पेपर लीक में साझेदारी का आरोप

दीपक बैज ने कहा कि मोदी सरकार के राज में नीट की परीक्षा में जो गड़बड़ियां हुईं तथा परीक्षा रद्द हुई, उससे बच्चे निराश हुए। जिनका पेपर पहली बार अच्छा गया था, वे बच्चे तो बहुत ज्यादा निराश हुए और उसी निराशा में आत्मघाती कदम उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में पेपर लीक के असल गुनहगारों को संरक्षण मिला है और परीक्षा की सुचिता लगातार भंग हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में ही पेपर लीक हो रहे हैं, कारण स्पष्ट है कि पेपर लीक करने वाले शिक्षा माफियाओं को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। भाजपा का फंडा साफ है- जितनी बड़ी चोरी, उतना बड़ा इनाम, इसीलिए बेखौफ होकर ऐसे कुकृत्य किए जा रहे हैं।

एनटीए की विश्वसनीयता पर सवाल

दीपक बैज ने कहा कि बार-बार परीक्षाओं में धांधली से एनटीए की कार्यक्षमता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहा है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की खामोशी पेपर लीक जैसे गंभीर विषय पर सरकार के संरक्षण की ओर इशारा करती है। उन्होंने कहा कि दोबारा परीक्षा कराने की मानसिक और आर्थिक जिम्मेदारी कौन लेगा, यह एक बड़ा सवाल है।

प्रेसवार्ता में उपस्थित पदाधिकारी

इस प्रेसवार्ता में मुख्य रूप से पीसीसी प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, पूर्व विधायक रेखचंद जैन, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य, ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला, रविशंकर तिवारी, जिला महामंत्री जाहिद हुसैन, अनुराग महतो, नीतीश शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष सूर्यापानी, यूंका अध्यक्ष निकेत राज झा, रोजविन दास, संजय पाणिग्रही, महेश ठाकुर, आदर्श दलाई, सलीम जाफर अली, शादाब अहमद, खीरेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।

basant dahiya

मेरा नाम बसंत दहिया है। मैं लगभग 20 वर्षों से प्रिंट मीडिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं। इसी बीच मैंने बस्तर जिला व राजधानी रायपुर के प्रमुख समाचार पत्रों में अपनी सेवा देकर लोकहित एवं देशहित में कार्य किया है। वर्तमान की आवश्यकता के दृष्टिगत मैंने अपना स्वयं का न्यूज पोर्टल- समग्रविश्व अप्रेल 2024 से शुरू किया है जो जनहित एवं समाज कल्याण में सक्रिय है। इसमें आप सहयोगी बनें और मेरे न्यूज पोर्टल को सपोर्ट करें। "जय हिन्द, जय भारत"

Post a Comment

Previous Post Next Post