बस्तर पुलिस ने 5.83 लाख के गांजा के साथ उड़ीसा के 02 तस्करों को किया गिरफ्तार | नगरनार समाचार 2026

बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5.83 लाख के गांजा के साथ 02 तस्कर गिरफ्तार

⚡ उड़ीसा से रायपुर ले जा रहे थे 11.673 किलो गांजा, नगरनार पुलिस ने दबोचा

बस्तर पुलिस द्वारा 11.673 किलोग्राम गांजा के साथ उड़ीसा के दो तस्करों की गिरफ्तारी, नगरनार थाना
बस्तर पुलिस ने नगरनार थाना क्षेत्र में 11.673 किलोग्राम गांजा के साथ उड़ीसा के दो तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम जप्त गांजा के साथ आरोपियों को पेश करती हुई।
जगदलपुर, 23 जुलाई 2026 | बस्तर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। इसी तारतम्य में थाना नगरनार पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से कुल 11.673 किलोग्राम गांजा जप्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीबन 5,83,650 रुपये बताई जा रही है। आरोपी जप्त गांजा को उड़ीसा से रायपुर ले जा रहे थे।

मुखबिर सूचना पर की गई कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के दिशा-निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह के नेतृत्व में थाना स्तर पर टीम गठित की गई है, जो गांजा तस्करों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है।

21 जुलाई  को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति अपने संयुक्त कब्जे के दो बैग में अवैध मादक पदार्थ गांजा रखकर धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल फॉरेस्ट नाका की ओर रवाना हुई और वहाँ पहुँचकर मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के दो व्यक्तियों को बस का इंतजार करते पाया।

आरोपियों की पहचान एवं जब्ती

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम ललित कुशुलिया एवं बिरन्ची गोरोडिया बताए। दोनों आरोपी उड़ीसा के रायगढ़ा जिले के निवासी हैं। आरोपियों के कब्जे वाले दोनों बैगों की तलाशी लेने पर उनके अंदर कुल 10 पैकेट में 11.673 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। जप्त गांजा की कीमत लगभग 5,83,650 रुपये आंकी गई है।

आरोपियों के कृत्य में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) पाए जाने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर अपराध पंजीबद्ध किया और विवेचना शुरू की। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

इस कार्रवाई में निरीक्षक संतोष सिंह, उपनिरीक्षक सतीश यदुराज, सउनि जदूराम बघेल, प्रधान आरक्षक अजय साहु, आरक्षक नरेश कश्यप, दशरू नाग, विक्रम उरांव एवं नव. आरक्षक अविनाश मांझी का विशेष योगदान रहा है।

बस्तर पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे मादक पदार्थों की तस्करी के बारे में किसी भी सूचना पर तुरंत पुलिस को अवगत कराएँ। पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।

basant dahiya

मेरा नाम बसंत दहिया है। मैं लगभग 20 वर्षों से प्रिंट मीडिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं। इसी बीच मैंने बस्तर जिला व राजधानी रायपुर के प्रमुख समाचार पत्रों में अपनी सेवा देकर लोकहित एवं देशहित में कार्य किया है। वर्तमान की आवश्यकता के दृष्टिगत मैंने अपना स्वयं का न्यूज पोर्टल- समग्रविश्व अप्रेल 2024 से शुरू किया है जो जनहित एवं समाज कल्याण में सक्रिय है। इसमें आप सहयोगी बनें और मेरे न्यूज पोर्टल को सपोर्ट करें। "जय हिन्द, जय भारत"

Post a Comment

Previous Post Next Post