Bastar: पुलिस बनकर गांजा तस्करी करने वाला गिरफ्तार, स्कार्पियो में लगाया था लाल-नीला बत्ती व सायरन

पुलिस बनकर गांजा तस्करी: स्कार्पियो में लगाया था सायरन, लाल-नीला बत्ती व POLICE प्लेट, 07 माह बाद फरार आरोपी गिरफ्तार

नगरनार पुलिस ने खैरागढ़ से दबोचा आरोपी, पूर्व में गिरफ्तार साथी संग मिलकर करते थे तस्करी

जगदलपुर (14 जून 2026)। बस्तर पुलिस ने सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है। करीबन 07 माह पूर्व स्कार्पियो वाहन पर POLICE लिखी प्लेट, सायरन, लाल/नीला बत्ती लगाकर गांजा तस्करी करने वाले फरार आरोपी को अब गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना नगरनार क्षेत्र की इस कार्रवाई में अब तक फरार चल रहे दोनों आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है।

धनपुंजी के पास वाहन छोड़ फरार हुए थे तस्कर

05 नवंबर 2025 को पुलिस को सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की स्कार्पियो (क्रमांक CG-04-PW-8248) में दो व्यक्ति ओडिशा प्रांत से जगदलपुर के रास्ते भारी मात्रा में गांजा ले जा रहे हैं। यह वाहन धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास पहुंचा, लेकिन वहां पुलिस नाकाबंदी देखकर चालक ने वाहन को कुछ दूरी पर छोड़ दिया और अपने साथी के साथ अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया था।

वाहन की तलाशी में पुलिस को 56.605 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ था, जिसकी कीमत करीबन ₹5,66,000/- थी। आरोपियों के खिलाफ धारा 20(B)(ii)(C) NDPS Act के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई थी।

वाहन चालक पहले ही हो चुका था गिरफ्तार

पुलिस ने तब वाहन चालक बेलसाजर खलखो को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन उसका साथी दीपक पटेल फरार चल रहा था। पिछले 07 माह से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

फरार आरोपी की गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के दिशा-निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम आरोपी के निवास जिला खैरागढ़-छुईखदान, थाना गंडई रवाना हुई। टीम ने ग्राम बुड़ासागर से आरोपी दीपक पटेल को उसके निवास से पकड़कर हिरासत में लिया।

पूछताछ में कबूली तस्करी

पूछताछ में आरोपी दीपक पटेल उम्र 31 वर्ष निवासी ग्राम बुड़ासागर थाना गंडई जिला खैरागढ़-छुईखदान ने बताया कि वह पूर्व में गिरफ्तार आरोपी बेलसाजर खलखो के साथ मिलकर गांजा तस्करी करता था। दोनों ने मिलकर पुलिस वाहन की नकल करने की योजना बनाई थी ताकि नाकाबंदी में उन्हें आसानी से गुजरने दिया जाए।

महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारी/कर्मचारी

निरीक्षक संतोष सिंह, सहायक उप निरीक्षक महेन्द्र सिंह ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक सतीस तिवारी, आरक्षक बलराम कश्यप


जब्ती का पूरा विवरण:

वस्तुमात्रा/संख्याअनुमानित मूल्य
अवैध गांजा56.605 KG₹5,66,000
कुल-₹5,66,000

🚨 पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएँ

बस्तर संभाग में पुलिस की नकल कर अपराध करने की घटनाएँ नई नहीं हैं। शहर में पहले भी कई बार 'पुलिस' लिखी बिना नंबर की गाड़ियाँ देखी गई हैं।

बीते वर्ष दंतेवाड़ा क्षेत्र में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था, जब एक युवक वाहन पर 'पुलिस' लिखकर उसे दौड़ा रहा था। वहीं, जिला मुख्यालय जगदलपुर में भी कई बार पुलिस की वर्दी में घूमते असामाजिक तत्वों को देखा गया है। पांच-छह वर्ष पूर्व एक व्यक्ति को पकड़ा भी गया था।

⚠️ पुलिस प्रशासन को ऐसे लोगों की निशानदेही कर सख्त कदम उठाने की आवश्यकता है, ताकि आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

basant dahiya

मेरा नाम बसंत दहिया है। मैं लगभग 20 वर्षों से प्रिंट मीडिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं। इसी बीच मैंने बस्तर जिला व राजधानी रायपुर के प्रमुख समाचार पत्रों में अपनी सेवा देकर लोकहित एवं देशहित में कार्य किया है। वर्तमान की आवश्यकता के दृष्टिगत मैंने अपना स्वयं का न्यूज पोर्टल- समग्रविश्व अप्रेल 2024 से शुरू किया है जो जनहित एवं समाज कल्याण में सक्रिय है। इसमें आप सहयोगी बनें और मेरे न्यूज पोर्टल को सपोर्ट करें। "जय हिन्द, जय भारत"

Post a Comment

Previous Post Next Post