बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बोलेरो पर कब्जा करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
![]() |
| कोतवाली पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी। |
जगदलपुर | उधार के पैसे न लौटाने पर एक युवक की नई बोलेरो को जबरदस्ती अपने कब्जे में लेकर महीनों तक उसका उपयोग करने वाले दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बस्तर जिले के पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के दिशानिर्देशन में की गई।
70 हजार के विवाद में ली गई बोलेरो
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब चार माह पूर्व प्रार्थी (पीड़ित) ने आरोपी सुमित पांडे से गाड़ी खरीदने के लिए 1 लाख रुपये उधार लिए थे। प्रार्थी ने तुरंत 30 हजार रुपये वापस कर दिए, जिसके बाद 70 हजार रुपये की शेष राशि बची थी। इसी रकम को वसूलने के लिए आरोपी सुमित और उसके साथी धीरज ठाकुर ने प्रार्थी की नई बोलेरो को जबरदस्ती, डरा-धमकाकर अपने कब्जे में ले लिया और कई दिनों तक उसका इस्तेमाल करते रहे।
पूछताछ में सहयोग न करने पर जेल
कोतवाली थाना को सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया। विवेचना के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस से सहयोग नहीं किया और सबूत छुपाने की कोशिश की। साथ ही, उन्होंने कब्जे में रखे वाहन को छुपाकर रखा, जिसे बार-बार पूछने पर उन्होंने स्थान बताया। इस आचरण के चलते पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम को मिली सफलता
यह कार्यवाही अति पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार डी धोत्रे के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी कोतवाली लीलाधर राठौर के नेतृत्व में पुलिस ने यह कार्रवाई अंजाम दी।
बस्तर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में किसी भी व्यक्ति द्वारा उधारी के पैसे न देने पर डरा-धमकाकर या जबरन कीमती सामान कब्जे में लेने की प्रवृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
