थाना नगरनार को बड़ी सफलता: ओडिशा से राजस्थान जा रहा 12.310 किलो गांजा जब्त, तस्कर गिरफ्तार
![]() |
| थाना नगरनार पुलिस टीम के साथ गिरफ्तार आरोपी सुरेश मेघवाल, जिसके कब्जे से 12.310 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया। (जब्त गांजा आरोपी के सामने रखा हुआ) |
जगदलपुर | 15 मई 2026
बस्तर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई जारी है। थाना नगरनार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 12.310 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा जप्त किया गया है, जिसकी कीमत करीबन 6,15,000 रुपये आंकी गई है। आरोपी द्वारा जप्त गांजा को ओडिशा से राजस्थान ले जाया जा रहा था। यह कार्रवाई थाना नगरनार क्षेत्र के अंतर्गत की गई है।
गिरफ्तार आरोपी का नाम सुरेश मेघवाल (20) है, जो ग्राम खारीगुर्द, थाना कडवड, तहसील बावरी, जिला जोधपुर, राजस्थान का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 03 पैकेट में भरा कुल 12.310 किलोग्राम गांजा (कीमत 6,15,000 रुपये) और 2,350 रुपये नगदी बरामद की है। कुल जब्ती की राशि 6,17,350 रुपये है।
सफेद बोरी में छिपाकर रखा था गांजा
14 मई को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अपने कब्जे की सफेद बोरी में अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा रखकर धनपूंजी आरटीओ नाका के पास वाहन की तलाश में खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ग्राम धनपुंजी आरटीओ नाका एनएच 63 की ओर रवाना हुई और मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे की सफेद बोरी को चेक करने पर उसमें कुल 03 पैकेट में 12.310 किलोग्राम गांजा और 2,350 रुपये नगद बरामद हुए। आरोपी का कृत्य अपराध धारा 20 (ख) एनडीपीएस एक्ट का पाया जाने से आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
पुलिस की सख्ती: ओडिशा-राजस्थान रूट पर शिकंजा
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह अवैध मादक पदार्थ ओडिशा से लेकर राजस्थान ले जा रहा था। बस्तर जिला पुलिस ने इस रूट पर होने वाली तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए कड़ी मशक्कत शुरू कर रखी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के दिशा निर्देशन, नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह के नेतृत्व में की गई। थाना नगरनार पुलिस टीम के द्वारा गांजा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
महत्वपूर्ण भूमिका अदा करने वाले अधिकारियों में निरीक्षक संतोष सिंह, उपनिरीक्षक सतीश यदुराज, विक्रम उरांव, बलराम कश्यप, सैनिक देवनाथ बघेल का विशेष योगदान रहा है।
