बस्तर के विकास को नई गति: कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने कला, दिव्यांग कल्याण, पर्यटन और शिक्षा पर दिया जोर
एक ही दिन में चार अहम कार्यक्रम: बादल एकेडमी का दौरा, दिव्यांग बच्चों को किया रवाना, लामनी पार्क और ज्ञानगुड़ी का निरीक्षण
जगदलपुर। बस्तर जिले के समग्र विकास और युवाओं के उत्थान के संकल्प के साथ कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने रविवार को एक साथ चार अहम कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने कला संस्कृति को बढ़ावा देने, दिव्यांग बच्चों के कल्याण, पर्यटन विकास और शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने पर एक साथ फोकस किया। कलेक्टर के इन दौरों ने जिले में एक नई ऊर्जा का संचार किया है।
बस्तर की कला को नई ऊंचाई: कलेक्टर पहुंचे बादल एकेडमी
बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और युवाओं को कला के क्षेत्र में दक्ष बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने आसना स्थित बादल एकेडमी (बस्तर एकेडमी ऑफ डांस, आर्ट, लिटरेचर एंड लैंग्वेज) का गहन अवलोकन किया।
इस भ्रमण का विशेष अवसर भित्तिचित्र कार्यशाला का समापन रहा, जहां उन्होंने प्रदेश भर से आए 50 प्रतिभागियों से मुलाकात की। कलाकारों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों की सराहना करते हुए कलेक्टर ने कहा कि प्रदेश की पारंपरिक कलाओं को आधुनिक स्वरूप में प्रस्तुत करना समय की मांग है। उन्होंने एकेडमी में चल रहे गोदना कला के प्रशिक्षण सत्र का भी निरीक्षण किया और प्रशिक्षुओं से संवाद किया।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एकेडमी को बस्तर की कला, गीत-संगीत, साहित्य और भाषा के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए नई योजनाएं जोड़ी जाएं, ताकि स्थानीय कलाकारों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर मंच मिल सके।
हौसलों का सफर: 45 अस्थि बाधित विद्यार्थी शैक्षणिक भ्रमण के लिए तिर्या रवाना
शिक्षा को केवल किताबों तक सीमित न रखते हुए व्यावहारिक अनुभव देने के उद्देश्य से जिले के 45 अस्थि बाधित विद्यार्थियों का एक विशेष दल शैक्षणिक भ्रमण के लिए तिर्या की ओर रवाना हुआ।
विद्यार्थियों के इस दल की रवानगी के अवसर पर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा स्वयं पहुंचे और बच्चों से मिलकर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि शारीरिक चुनौतियाँ कभी भी सीखने और आगे बढ़ने के मार्ग में बाधा नहीं बन सकतीं। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा और समाज कल्याण विभाग की उप संचालक श्रीमती सुचिता मिंज भी उपस्थित रहीं। प्रशासन की इस पहल को सामाजिक समावेश और दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा: कलेक्टर ने किया लामनी पार्क का सघन निरीक्षण
कलेक्टर आकाश छिकारा ने रविवार को शहर के प्रमुख पर्यटन केंद्र लामनी पार्क का विस्तृत निरीक्षण किया। नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा भी इस अवसर पर साथ थे।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थिएटर गार्डन, बर्ड पार्क और एडवेंचर जोन का बारीकी से अवलोकन किया। पार्क की स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और पार्क के सौंदर्यीकरण को और बेहतर बनाया जाए। उन्होंने वन मंडलाधिकारी उत्तम कुमार गुप्ता के नेतृत्व में वन विभाग द्वारा लामनी पार्क में किए गए कार्यों की सराहना की।
शिक्षा का उजियारा: कलेक्टर ने किया ज्ञानगुड़ी का निरीक्षण, एसएससी की तैयारी के निर्देश
जिले के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाने के संकल्प के साथ कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने ज्ञानगुड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। वर्तमान में यहाँ नीट, जेईई, पीएटी और नर्सिंग जैसी परीक्षाओं की कोचिंग सफलतापूर्वक दी जा रही है।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अब ज्ञानगुड़ी में एसएससी सहित केंद्र और राज्य स्तरीय अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी प्रारंभ करवाई जाए, जिससे स्थानीय युवाओं को बड़े शहरों पर निर्भर न रहना पड़े। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि जिला प्रशासन उन्हें सम्मानित करेगा। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि किसी भी शिक्षक के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि उसके अपने विद्यार्थियों द्वारा उसे सबसे बेहतर शिक्षक के तौर पर माना जाना है।



