बस्तर को मिली अत्याधुनिक कैथलैब की सौगात, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया लोकार्पण
पूरे प्रदेश के हृदय रोगियों के लिए वरदान बनेगा जगदलपुर का कैथलैब – स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल
जगदलपुर, 09 जुलाई 2026 |
बस्तर की स्वास्थ्य सेवाओं में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया, जब प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने डिमरापाल में स्थापित कॉन्टिनेंटल सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में बस्तर संभाग की पहली और छत्तीसगढ़ की दूसरी अत्याधुनिक कैथलैब का लोकार्पण किया।
📸 स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल का उद्बोधन
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल कैथलैब लोकार्पण समारोह में उद्बोधन देते हुए।
लोकार्पण के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने कैथलैब सहित अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन द्वारा मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि कॉन्टिनेंटल छत्तीसगढ़ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल बस्तर में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दे रहा है।
📸 कॉन्टिनेंटल हॉस्पिटल्स के चेयरमैन डॉ. गुरु एन. रेड्डी
कॉन्टिनेंटल हॉस्पिटल्स के संस्थापक एवं चेयरमैन डॉ. गुरु एन. रेड्डी कैथलैब की विशेषताओं के बारे में जानकारी देते हुए।
स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे के सौ दिन के साथ-साथ जगदलपुर सुपर स्पेशियलिस्ट हॉस्पिटल के भी सौ दिन पूरा होने पर बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बस्तर की जनता को दिल की गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए कैथलैब के रूप में एक बहुत बड़ी सौगात मिली है, जो मेकाहारा के बाद छत्तीसगढ़ का दूसरा सबसे बड़ा सरकारी कैथलैब संस्थान है।
📸 गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति
कैथलैब उद्घाटन समारोह में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, वन मंत्री केदार कश्यप, महापौर संजय पाण्डेय एवं कॉन्टिनेंटल हॉस्पिटल्स के चेयरमैन डॉ. गुरु एन. रेड्डी उपस्थित रहे।
कॉन्टिनेंटल हॉस्पिटल्स के संस्थापक एवं चेयरमैन डॉ. गुरु एन. रेड्डी ने बताया कि कैथलैब (कार्डियक कैथेटराइजेशन लैब) एक अत्याधुनिक चिकित्सा इकाई है, जहां बिना बड़े ऑपरेशन के हृदय एवं रक्त वाहिकाओं से जुड़े रोगों की जांच और उपचार किया जाता है। यहां कोरोनरी एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी (स्टेंट प्रत्यारोपण), पेसमेकर प्रत्यारोपण सहित विभिन्न इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी प्रक्रियाएं आधुनिक तकनीक से की जा सकेंगी।
🔑 कैथलैब से क्या-क्या संभव होगा?
- ✅ कोरोनरी एंजियोग्राफी – हृदय की नसों की जांच
- ✅ एंजियोप्लास्टी – ब्लॉक नसों को खोलना व स्टेंट प्रत्यारोपण
- ✅ पेसमेकर प्रत्यारोपण – हृदय की धड़कन को नियमित करना
- ✅ अन्य इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी प्रक्रियाएं
इस सुविधा के प्रारंभ होने से अब बस्तर संभाग के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों के मरीजों को भी स्थानीय स्तर पर सुपर स्पेशियलिटी हृदय उपचार उपलब्ध होगा। अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के तहत भी मरीजों को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप, विधायक किरण सिंह देव, विधायक विनायक गोयल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, महापौर संजय पाण्डेय, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं अस्पताल के कर्मचारी उपस्थित रहे।
📰 ये भी पढ़ें
शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, बस्तर में एम.एससी. ग्रामीण प्रौद्योगिकी पाठ्यक्रम में प्रवेश 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू।