IGKV के KVK कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन हड़ताल आज से, विश्वविद्यालय पर लगाए गंभीर आरोप
![]() |
| IGKV KVK कर्मचारियों का वेतन विसंगति के खिलाफ अनिश्चितकालीन हड़ताल, पहला दिन। |
रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) के अधीन संचालित कृषि विज्ञान केंद्रों (KVK) में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों ने आज 23 फरवरी 2026 से अनिश्चितकालीन कामबंद हड़ताल शुरू कर दी है। लंबे समय से लंबित वेतन विसंगति, अपूर्ण वेतन भुगतान और वैधानिक सेवा लाभों की बहाली को लेकर यह आंदोलन किया जा रहा है।
पिछले सप्ताह 16 से 20 फरवरी तक पांच दिवसीय हड़ताल के बाद भी जब प्रशासन से कोई ठोस समाधान नहीं मिला, तो कर्मचारी संघ ने आंदोलन को अनिश्चितकालीन कर दिया। आज इसका पहला दिन है।
प्रशासन पर क्या आरोप?
कर्मचारी संघ का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन वार्ता में लगातार जिम्मेदारी से बचता रहा। माननीय कुलपति स्तर पर कभी मामले को राज्यपाल या राज्य शासन से जोड़कर टाला गया, तो कभी वित्त विभाग का हवाला देकर वार्ता उलझाई गई।
संघ ने स्पष्ट किया कि KVK कर्मचारियों के वेतन को लेकर केंद्रीय स्तर पर स्पष्ट निर्देश हैं:
ICAR के 1997 के मूल निर्देशों के अनुसार 75% वेतन (Pay+DA+HRA) परिषद देती है, शेष 25% दायित्व मेजबान विश्वविद्यालय (IGKV) का है।
इस संबंध में भारत सरकार और छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय (बिलासपुर) के दिनांक 24.06.2025 के आदेश के बावजूद वेतन भुगतान सुनिश्चित नहीं किया गया, जिसे संघ न्यायालयीन अवहेलना बताता है।
नेशनल फोरम का समर्थन और किसानों पर असर
National Forum of KVK & AICRP के अध्यक्ष डॉ. मनोज शर्मा ने अपने वीडियो संदेश में साफ किया कि KVK के कर्मचारी विश्वविद्यालय की अमानत हैं और उनके वेतन व सेवा लाभों की पूरी जिम्मेदारी मेजबान विश्वविद्यालय की है। उन्होंने चिंता जताई कि इस हड़ताल का सीधा नकारात्मक असर किसानों और कृषि विस्तार सेवाओं पर पड़ रहा है।
संघ ने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक है। हड़ताल के दौरान उत्पन्न होने वाली सभी प्रशासनिक और प्रसारगत अव्यवस्थाओं की जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।
यह भी देखें: KVK आंदोलन पर विशेष रिपोर्ट (वीडियो)
आप इस लिंक पर क्लिक करके कर्मचारियों के आंदोलन और उनकी मांगों से जुड़ी विस्तृत वीडियो रिपोर्ट देख सकते हैं:
👉 KVK कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल: IGKV प्रशासन पर गंभीर आरोप
