जगदलपुर बालाजी मंदिर रजत जयंती: सत्यनारायण कथा व भंडारे में उमड़े भक्त | Art of Living Cultural Night

जगदलपुर में बालाजी मंदिर के रजत जयंती महोत्सव में सत्यनारायण कथा का आयोजन, हजारों भक्तों ने लिया प्रसाद

जगदलपुर बालाजी मंदिर में सत्यनारायण कथा के दौरान भक्तों की उपस्थिति।
बालाजी मंदिर के रजत जयंती महोत्सव में आयोजित सत्यनारायण कथा में दंपत्तियों ने श्रद्धापूर्वक श्रवण किया।

जगदलपुर। श्री बालाजी मंदिर के 25वें वार्षिक महोत्सव (रजत जयंती) के छठे दिन शनिवार को मंदिर प्रांगण में भगवान सत्यनारायण की कथा का आयोजन किया गया। आंध्र प्रदेश से पधारे विशेष पंडितों ने पूजा-विधान संपन्न कराया, जिसमें बड़ी संख्या में दंपत्तियों ने श्रद्धापूर्वक कथा श्रवण किया।

महोत्सव के इस दिन भगवान बालाजी की विशेष हवन के पश्चात सत्यनारायण कथा का आयोजन हुआ। कथा समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने सपरिवार प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी ने बताया कि सात दिवसीय महोत्सव में प्रतिदिन हजारों की संख्या में भक्त भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।

सांस्कृतिक संध्या में आर्ट ऑफ लिविंग ने बाँधा समाँ

31 जनवरी की शाम को मंदिर परिसर में सहस्र दीपालंकरण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के कलाकारों ने भक्तिमय एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। भीमावरम की भजन मंडली तथा विशाखापटनम कोलाटम दल के कलाकारों ने भी अपनी गायकी व लोकनृत्य से भक्तों का मन मोह लिया।

60 खानसामों की टीम कर रही है भंडारे की तैयारी

मद्दी ने बताया कि राजमहेंद्री (आंध्र प्रदेश) से आए 60 से अधिक खानसामों का विशेष दल रात-दिन भोजन प्रसाद तैयार करने में जुटा है। प्रतिदिन सुबह-शाम दस हज़ार से अधिक भक्त प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। समाज की सैकड़ों महिलाएँ भी इस पवित्र कार्य में सहयोग दे रही हैं।

आज होगा महाभंडारा और पुर्णाहुति

महोत्सव के अंतिम दिन आज (रविवार) सुबह भगवान बालाजी की महा आरती के बाद 11 बजे से महाभंडारा प्रारंभ होगा। श्री बालाजी टेंपल कमेटी, बस्तर डिस्ट्रिक्ट आंध्र एसोसिएशन के सदस्य भक्तों की बड़ी संख्या को देखते हुए पूरी तैयारी में जुटे हैं। कमेटी ने 20 हज़ार से अधिक भक्तों के आने की संभावना व्यक्त की है। शाम को पुर्णाहुति के साथ सात दिवसीय रजत जयंती महोत्सव का समापन होगा।

basant dahiya

मेरा नाम बसंत दहिया है। मैं लगभग 20 वर्षों से प्रिंट मीडिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं। इसी बीच मैंने बस्तर जिला व राजधानी रायपुर के प्रमुख समाचार पत्रों में अपनी सेवा देकर लोकहित एवं देशहित में कार्य किया है। वर्तमान की आवश्यकता के दृष्टिगत मैंने अपना स्वयं का न्यूज पोर्टल- समग्रविश्व अप्रेल 2024 से शुरू किया है जो जनहित एवं समाज कल्याण में सक्रिय है। इसमें आप सहयोगी बनें और मेरे न्यूज पोर्टल को सपोर्ट करें। "जय हिन्द, जय भारत"

Post a Comment

Previous Post Next Post