जर्जर दरवाजों से घुसा चोर! बस्तर की आराध्य देवी के मंदिर से लाखों के स्वर्णाभूषण चोरी, CCTV में कैद हुआ नकाबपोश अपराधी
जगदलपुर। बस्तर की श्रद्धा और आस्था के केंद्र, ऐतिहासिक मां दंतेश्वरी मंदिर में शुक्रवार की मध्यरात्रि एक बड़ी वारदात ने श्रद्धालुओं के मन में ठेस पहुंचाई है। एक नकाबपोश चोर ने मंदिर के जर्जर दरवाजों से सेंध लगाकर माता काली के विग्रह से स्वर्ण हार और मां दंतेश्वरी के चांदी के हार से स्वर्ण लॉकेट चुरा लिया है, जिनकी अनुमानित कीमत 7-8 लाख रुपये बताई जा रही है।
मंदिर के पुजारी शनिवार सुबह जब मंदिर खोलने पहुंचे तो उन्होंने दरवाजे का ताला टूटा हुआ पाया। अंदर जाकर देखा तो देवी प्रतिमाओं से आभूषण गायब थे। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने पुष्टि की कि चोरी का मामला सामने आया है और जांच जारी है।
CCTV फुटेज में दिखा नकाबपोश चोर
पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है। फुटेज के अनुसार, रात लगभग 1 बजे एक नकाबपोश व्यक्ति रॉड (सरिया) लेकर मंदिर में घुसा और बेखौफ होकर देवी प्रतिमाओं से आभूषण उतारता दिखाई दिया। चोर ने माता काली का सोने का हार, मां दंतेश्वरी के चांदी के हार का सोने का लॉकेट और तीन पीतल की मूर्तियां चुराईं।
पहले भी आ चुकी थी चेतावनी
समग्रविश्व पर पहले ही इस मंदिर की सुरक्षा लापरवाहियों को उजागर किया जा चुका है। पिछले समाचारों में सीसीटीवी कैमरों की खराबी और अपर्याप्त सुरक्षा गार्ड्स की समस्या की ओर ध्यान दिलाया गया था।
पूर्व में प्रकाशित समाचार:
नारियल चोरी से खुली पोल: मां दंतेश्वरी मंदिर का CCTV कैमरा खराब
मां दंतेश्वरी मंदिर के मुख्य द्वार पर बैठे भिक्षुकों की अनबन से श्रद्धालु होते हैं असहज
अधिकारियों की प्रतिक्रिया
तहसीलदार राहुल कुमार गुप्ता ने बताया कि उन्हें सूचना मिलने के बाद मंदिर पहुंचे और जांच शुरू कराई। उन्होंने कहा कि मंदिर में दो गार्ड तैनात रहते हैं और चोर पिछले दरवाजे से अंदर घुसा था। पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने कहा कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द अपराधी को पकड़ने का प्रयास करेगी। कोतवाली थाना के टीआई भोला सिंह राजपूत ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। अधिकारियों के निर्देश पर चोरी के वारदात की गहन जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही चोर पुलिस गिरफ्त में होगा।
नगरवासियों में रोष, मांगी कड़ी कार्रवाई
इस घटना से जगदलपुर के नागरिक आहत और क्रोधित हैं। उनका कहना है कि जिले के सबसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील धार्मिक स्थल पर इस तरह की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। लोग मंदिर प्रबंधन से सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और पुलिस से चोरों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग कर रहे हैं।
आगे की कार्रवाई: पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान का प्रयास कर रही है। मंदिर प्रबंधन से इस घटना के बाद अब सुरक्षा उपायों को गंभीरता से लेने की अपेक्षा की जा रही है।
संबंधित वीडियो देखें: इस घटना पर विस्तृत रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के लिए यूट्यूब लिंक: https://youtu.be/MSC1QZHskJw पर क्लिक करें।

