बचेली पुलिस ने 12 घंटे के भीतर चोरी की दो बैटरियाँ बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
पूर्व आदतन चोर ने ट्रक से की थी चोरी, होटल के पास शौचालय में छुपाई थी बैटरियाँ
बचेली। बचेली थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज होने के महज 12 घंटे के भीतर चोरी की गई दो बैटरियाँ बरामद कर लीं और एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पूर्व में भी कई अपराधों में शामिल पाया गया है।
दिनांक 22 जनवरी को लक्ष्मण शर्मा (30 वर्ष) ने बचेली थाना में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 19 जनवरी की शाम से 21 जनवरी की सुबह के बीच, नगर पालिका बचेली के सामने मुख्य मार्ग किनारे खड़े उनके टाटा ट्रक (CG-18H-1833) में लगी एक्साइड कंपनी की दो बैटरियाँ चोरी हो गई थीं, जिनका मूल्य लगभग 16,000 रुपये है।
मामला दर्ज होते ही पुलिस अधीक्षक गौरव राय के दिशा-निर्देशन में त्वरित कार्रवाई शुरू हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन में बचेली थाना प्रभारी निरीक्षक मधुनाथ ध्रुव की अगुवाई में एक टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस ने पूर्व आदतन चोर विनोद उर्फ बादल सोनानी (20 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल किया। उसने बताया कि उसने रात में ट्रक से बैटरियाँ चुराकर होटल हीलटॉप के पास एक खंडहर शौचालय में छुपा दी थीं। पुलिस को वहाँ से दोनों बैटरियाँ बरामद हुईं।
गिरफ्तार आरोपी विनोद सोनानी पुराने अपराधी के रूप में जाना जाता है। पुलिस के मुताबिक, वह पहले भी कई मामलों में गिरफ्तार हो चुका है और न्यायिक रिमांड पर जेल जा चुका है। उसके खिलाफ थाना बचेली में अपराध क्रमांक 09/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मधुनाथ ध्रुव के नेतृत्व में सब-इंस्पेक्टर गोवर्धन निर्मलकर, प्रथम आरक्षक संतराम नेताम, प्रथम आरक्षक मेहतुराम कोर्राम और डीएसएफ आरक्षक आशाराम इस्ताम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।
