सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से नहीं उठ रहा कचरा
बचेली(ब्रम्हा सोनानी)। इन दिनों नगर पालिका परिषद बचेली के सफाई कर्मचारियों व ड्राइवरों के हड़ताल पर चले जाने से सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। बीते तीन दिन से कचरा नहीं उठ रहा है ऐसे में लोगों को परेशानी हो रही है। वहीं कचरा नहीं उठाए जाने से जगह-जगह कचरा बिखरा है। पुराना मार्केट के पास जमा कचरे से बदबू उठ रही है। ऐसे में राहगीरों को मुंह में कपड़ा रखकर यहां से गुजरना पड़ता है। गौरतलब है कि नगर पालिका हो या नगर निगम या नगर पंचायत साफ-सफाई का जिम्मा इन सिविल वर्करों का होता है जो सुबह से शाम तक सफाई कार्य में जुटे रहते हैं जिससे लोग अच्छे से रह सके। जबकि इनका मानदेय काफी कम है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सफाई कर्मिर्यों के मानदेय में वृद्धि की जानी चाहिए। कर्मचारियों के द्वारा इस संबंध में डिप्टी कलेक्टर को पत्र 21 नवंबर को दिया गया था इस पर उन्हें आश्वासन दिया गया है। इसके बाद शनिवार से सफाई कर्मी काम पर लौट आए हैं लेकिन ड्राइवरों के हड़ताल से नहीं लौटने के कारण स्थिति नहीं बदली है।