"20 दिन में कार्रवाई नहीं तो होगा उग्र आंदोलन" - जगदलपुर में शराब दुकानों के खिलाफ बस्तर एकता विकास मोर्चा का प्रदर्शन
![]() |
| बस्तर एकता विकास मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल द्वारा कलेक्टोरेट में नया बस स्टैंड और चांदनी चौक की शराब दुकानें हटाने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग का ज्ञापन सौंपा गया। |
इसके साथ ही मोर्चा ने हाल ही में शराब दुकान के सामने हुई स्वर्गीय कैलाश गुप्ता की हत्या के मामले में उनकी मां को न्याय और शासन की ओर से उचित आर्थिक मुआवजा देने की भी गुहार लगाई है।
क्यों उठाई मांग?
ज्ञापन में मोर्चा ने उल्लेख किया है कि नया बस स्टैंड और चांदनी चौक शहर के अत्यंत व्यस्त और प्रमुख सार्वजनिक स्थान हैं। यहां शराब दुकानें संचालित होने के कारण दिन-रात असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे यात्रियों, स्थानीय व्यापारियों, महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।
मोर्चा ने कहा कि हाल ही में शराब दुकान के सामने स्वर्गीय कैलाश गुप्ता की हुई निर्मम हत्या ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है और लोगों में भारी आक्रोश है।
प्रशासन के समक्ष दो प्रमुख मांगें
बस्तर एकता विकास मोर्चा ने प्रशासन के समक्ष निम्नलिखित दो प्रमुख मांगें रखी हैं:
शराब दुकानों का स्थानांतरण: जनहित, यातायात और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नया बस स्टैंड और चांदनी चौक स्थित शराब दुकानों को तत्काल प्रभाव से अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए।
स्व. कैलाश गुप्ता की मां को न्याय व मुआवजा: इस दुखद हत्याकांड में अपने बेटे को खोने वाली स्व. कैलाश गुप्ता के परिवार को न्याय दिलाने के साथ-साथ उनकी आजीविका के लिए शासन द्वारा तत्काल उचित आर्थिक मुआवजा प्रदान किया जाए, क्योंकि स्व. कैलाश गुप्ता घर के कमाने वाले व्यक्ति थे और परिवार का पालन-पोषण करते थे।
"20 दिनों बाद होगा उग्र आंदोलन"
मोर्चा ने चेतावनी दी है कि नया बस स्टैंड और चांदनी चौक जैसे संवेदनशील स्थानों पर शराब दुकान होने से अपराध बढ़ रहे हैं। यहां स्कूल, अस्पताल, मंदिर, कब्रिस्तान, गुरुद्वारा और बस्तर संभाग का सबसे बड़ा बस स्टैंड है। विगत 5 वर्षों में यह दूसरी हत्या है और आए दिन चाकूबाजी आम बात है।
मोर्चा ने कहा, "प्रशासन इन दोनों दुकानों को तुरंत हटाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दे। यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो मोर्चा 20 दिनों बाद उग्र जनआंदोलन व शांतिपूर्ण कलेक्टर परिसर घेराव करने को बाध्य होगा।"
ज्ञापन सौंपने के दौरान स्व. कैलाश गुप्ता के परिजन, बस्तर एकता विकास मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
