AMNS India Advertisement

साइबर निरीक्षक ने विद्यार्थियों को बताए साइबर क्राइम से बचने के सरल उपाय, विश्वविद्यालय में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम

साइबर निरीक्षक गौरव तिवारी ने विद्यार्थियों को बताए साइबर क्राइम से बचने के सरल उपाय, विश्वविद्यालय में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम

शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, कालीपुर परिसर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम के दौरान साइबर निरीक्षक गौरव तिवारी, टाउन इंस्पेक्टर लीलाधर राठौर, डॉ. समीर ठाकुर, डॉ. भुनेश्वर लाल साहू, डॉ. विनय प्रताप सिंह, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों की समूह तस्वीर
📷 शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, कालीपुर परिसर में आयोजित साइबर जागरूकता कार्यक्रम के बाद ली गई समूह तस्वीर। इस अवसर पर साइबर निरीक्षक गौरव तिवारी, टाउन इंस्पेक्टर लीलाधर राठौर, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. समीर ठाकुर, डॉ. भुनेश्वर लाल साहू, डॉ. विनय प्रताप सिंह, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

जगदलपुर। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय के कालीपुर परिसर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें साइबर निरीक्षक गौरव तिवारी ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचने के सरल और प्रभावी उपाय बताए। टाउन इंस्पेक्टर लीलाधर राठौर ने डर और लालच पर नियंत्रण करने की सलाह दी। कार्यक्रम में 'मैं जागरूक हूँ और साइबर क्राइम से मुक्त हूँ' सेल्फी जोन भी बनाया गया।

साइबर निरीक्षक : 'साइबर अपराधी आपका दिमाग हैक करते हैं'

साइबर निरीक्षक गौरव तिवारी ने कहा कि अवेयरनेस ही साइबर क्राइम से बचने का सबसे सरल और प्रभावी उपाय है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी आपका फोन नहीं, आपका दिमाग हैक करते हैं। वे आपकी जल्दबाजी और अज्ञानता का लाभ उठाकर अपराध को अंजाम देते हैं।

तिवारी ने बताया कि अपराधी आपके बारे में सोशल मीडिया पर सर्च करते हैं, इसलिए गैर-जरूरी चीज़ें सोशल मीडिया पर शेयर न करें। उन्होंने इंस्टाग्राम का पासवर्ड करीबी दोस्त से भी साझा न करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि WhatsApp या ईमेल से आया '.apk' फाइल कभी न खोलें और अपने मोबाइल में टू-स्टेप वेरिफिकेशन ऑन रखें।

'फेक आईडी से नहीं बच सकते, फोटो डिलीट नहीं होती'

तिवारी ने स्पष्ट किया कि फेक आईडी बनाकर साइबर अपराध करने से कोई नहीं बच सकता। सोशल मीडिया पर अपलोड की गई फोटो कभी डिलीट नहीं होती, इसलिए सोच-समझकर ही फोटो अपलोड करें। विद्यार्थियों के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि डिजिटल अरेस्ट का कोई प्रावधान नहीं है, लेकिन सीनियर सिटीज़न्स को इसके नाम पर धमकाकर ठगी की जा रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता और अभिभावकों को इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।

लीलाधर राठौर: 'डर और लालच पर कंट्रोल करें'

टाउन इंस्पेक्टर लीलाधर राठौर ने कहा कि डर और लालच पर कंट्रोल करने से फ्रॉड से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि लोन और सस्ते सामान के लोभ में न आएं। उन्होंने छात्रों को फेक न्यूड फोटो अपलोड करने की स्थिति में डरने की बजाय परिवार या साइबर अवेयरनेस सेंटर में बात साझा करने की सलाह दी।

'मैं जागरूक हूँ' सेल्फी जोन और अन्य आयोजन

कार्यक्रम में 'मैं जागरूक हूँ और साइबर क्राइम से मुक्त हूँ' सेल्फी जोन बनाकर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. समीर ठाकुर ने अध्यक्षता की और विद्यार्थियों को सतर्क रहने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. भुनेश्वर लाल साहू ने किया तथा डॉ. विनय प्रताप सिंह ने आभार उद्बोधन दिया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

basant dahiya

मेरा नाम बसंत दहिया है। मैं लगभग 20 वर्षों से प्रिंट मीडिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं। इसी बीच मैंने बस्तर जिला व राजधानी रायपुर के प्रमुख समाचार पत्रों में अपनी सेवा देकर लोकहित एवं देशहित में कार्य किया है। वर्तमान की आवश्यकता के दृष्टिगत मैंने अपना स्वयं का न्यूज पोर्टल- समग्रविश्व अप्रेल 2024 से शुरू किया है जो जनहित एवं समाज कल्याण में सक्रिय है। इसमें आप सहयोगी बनें और मेरे न्यूज पोर्टल को सपोर्ट करें। "जय हिन्द, जय भारत"

Post a Comment

Previous Post Next Post