विश्वविद्यालय में 128 सीटों के लिए पीएचडी प्रवेश परीक्षा आयोजित
![]() |
| शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, जगदलपुर में पीएचडी प्रवेश परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र का दृश्य। 17 विषयों में 128 सीटों के लिए यह परीक्षा आयोजित की गई। |
जगदलपुर, बस्तर। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय में शनिवार को पीएचडी (डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी) प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। कुल 22 शोध केंद्रों के लिए 17 विषयों में यह परीक्षा ली गई, जिसमें 252 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए।
इस परीक्षा के लिए कुल 507 छात्र-छात्राओं ने पंजीयन कराया था, जिनमें NET या GATE उत्तीर्ण 101 अभ्यर्थियों को प्रवेश परीक्षा में भाग लेने से छूट दी गई। कुलपति प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
ज्ञात हो कि शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय को मल्टीडिसिप्लीनरी एजुकेशन एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी के रूप में चिन्हित किया गया है। विवि में शोध कार्य में तेजी लाने के लिए पीएचडी प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया है। दो घंटे की इस परीक्षा में सौ अंकों के प्रश्नपत्र में विषय संबंधी प्रश्नों के साथ रिसर्च मेथडोलॉजी से भी सवाल पूछे गए।
विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार प्रवेश परीक्षा में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक पाने वाले अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।
इस बार 128 सीटों पर पीएचडी प्रवेश हेतु परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें एंथ्रोपोलॉजी, फॉरेस्ट्री, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, इतिहास, अर्थशास्त्र, अंग्रेजी, कामर्स, बायोटेक्नोलॉजी, विधि, समाज कार्य, रूरल टेक्नोलॉजी, कंप्यूटर अप्लीकेशन, बॉटनी, केमिस्ट्री, जूलॉजी और मैनेजमेंट विषयों में प्रवेश के लिए परीक्षा हुई।
