बस्तर वन कर्मचारी संघ ने वनमण्डलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, 12 सूत्रीय मांगों के निराकरण की मांग
जगदलपुर (16 जून 2026)। बस्तर वन कर्मचारी संघ, जिला बस्तर के जिला अध्यक्ष दामोदर सेठिया के नेतृत्व में संघ के प्रतिनिधिमंडल एवं वनमण्डल के समस्त स्टाफ द्वारा वनमण्डलाधिकारी, बस्तर वनमण्डल जगदलपुर को कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं एवं लंबित मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा गया।
12 सूत्रीय मांगें रखी गईं
संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कर्मचारियों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं, जिनमें शामिल हैं:
उपवनक्षेत्रपाल, वनपाल एवं अर्दली संवर्ग के स्वीकृत एवं रिक्त पदों की जानकारी
2750/3050 वेतनमान एरियर भुगतान
अर्दली एवं वनरक्षक कर्मचारियों का स्थायीकरण
जर्जर शासकीय आवासों एवं कार्यालय भवनों की मरम्मत
कर्मचारियों के लिए शौचालय, स्नानगृह एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता
लंबित सेवा प्रकरणों, समयमान वेतनमान, वेतन निर्धारण का समाधान
अवकाश स्वीकृति, पेंशन एवं सेवानिवृत्ति संबंधी देयकों का समयबद्ध निराकरण
तीन माह में परामर्शदात्री बैठक की मांग
ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि वरिष्ठ कार्यालय के निर्देशानुसार प्रत्येक तीन माह में परामर्शदात्री बैठक आयोजित की जाए, ताकि कर्मचारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।
दामोदर सेठिया ने कहा – विषम परिस्थितियों में दे रहे हैं सेवाएँ
जिला अध्यक्ष दामोदर सेठिया ने कहा:
"वन विभाग के कर्मचारी विषम परिस्थितियों में अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं, इसलिए उनकी मूलभूत सुविधाओं एवं सेवा संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाना आवश्यक है।"
उन्होंने विभागीय प्रशासन से सकारात्मक एवं समयबद्ध कार्यवाही करने का आग्रह किया है।
निराकरण न होने पर आंदोलन की चेतावनी
संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कर्मचारियों की समस्याओं एवं मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया, तो बस्तर वन कर्मचारी संघ कर्मचारियों के हित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। संघ ने कहा कि इसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी विभागीय प्रशासन की होगी।
