माओवाद मुक्त अंदरूनी क्षेत्रों में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर : कमिश्नर डोमन सिंह ने ली मासिक समीक्षा बैठक

लोक सेवाओं की सुलभता, राजस्व विभाग के रिक्त पदों को भरने और सुशासन तिहार जैसे शिविरों के आयोजन के दिए निर्देश

बस्तर संभाग के कमिश्नर डोमन सिंह संभाग स्तरीय अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए, जगदलपुर, 21 मई 2026
बस्तर संभाग के कमिश्नर डोमन सिंह गुरुवार को जगदलपुर में आयोजित संभाग स्तरीय अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए। इस दौरान उन्होंने माओवाद मुक्त अंदरूनी क्षेत्रों में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, राजस्व विभाग में रिक्त पदों को भरने, जल जीवन मिशन, विद्युत कनेक्शन और सुशासन शिविरों के आयोजन सहित कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। बैठक में डिप्टी कमिश्नर, संभाग स्तरीय अधिकारी और अन्य जिलों के अधिकारी वर्चुअल रूप से जुड़े रहे।
जगदलपुर, 21 मई 2026। बस्तर संभाग के कमिश्नर डोमन सिंह ने गुरुवार को संभाग स्तरीय अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि माओवाद प्रभावित क्षेत्रों से मुक्त हो चुके अंदरूनी इलाकों में शासन की योजनाओं को धरातल पर उतारा जाए और ग्रामीणों को हर लोक सेवा सरलता से उपलब्ध कराई जाए।

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता

कमिश्नर सिंह ने बैठक में कहा कि शासन की प्राथमिकता 'अंतिम व्यक्ति' तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए अधिकारी मैदानी स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग करें। दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली और आजीविका से जुड़ी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जिन गांवों में विकास कार्यों की पहुंच बढ़ी है, वहां शासन के प्रति विश्वास मजबूत करने के लिए संवेदनशीलता से काम करना ज़रूरी है।

राजस्व विभाग में रिक्त पदों को भरने के निर्देश

कमिश्नर ने राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में पटेल और कोटवार के रिक्त पदों को अभियान चलाकर शीघ्र भरने का आदेश दिया। इससे ग्रामीणों को समय पर राजस्व और अन्य शासकीय सेवाएं मिल सकेंगी। साथ ही ग्राम पंचायतों में अविवादित नामांतरण-बंटवारे के प्रकरणों का निराकरण, खसरा बी-वन नकल प्रदाय, किसान किताब और व्यक्तिगत वनाधिकार पट्टे की सत्यापित प्रति वितरण पर विशेष पहल करने को कहा।

सुशासन तिहार और नियद नेल्लानार शिविरों का आयोजन

कमिश्नर ने सुशासन तिहार, बस्तर मुन्ने और नियद नेल्लानार शिविरों का सफल आयोजन कर जनता की शिकायतों का समाधान करने के निर्देश दिए। इन शिविरों में अंदरूनी इलाकों के किसानों को खाद-बीज, किसान क्रेडिट कार्ड, सब्जी बीज मिनिकिट, मत्स्यपालन के लिए केसीसी, बैकयार्ड कुक्कुटपालन (चूजे) और सूकरत्रयी योजना (नर सूकर एवं बकरा) वितरण को प्राथमिकता देने कहा।

जल जीवन मिशन और बिजली कनेक्शन पर विशेष फोकस

उन्होंने जल जीवन मिशन के प्रगतिरत कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने, सभी हैंडपंप और नल जल योजनाओं को चालू रखने के निर्देश दिए। वहीं नए ट्रांसफार्मर स्थापना और विद्युत कनेक्शन प्रदाय पर भी ज़ोर दिया।

दिव्यांगजन, मोतियाबिंद रोगियों और स्कूली बच्चों का रखा जाए ध्यान

कमिश्नर ने अधिकारियों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश देते हुए कहा:

  • दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराएं।

  • मोतियाबिंद पीड़ितों की जांच और ऑपरेशन के लिए ग्राम पंचायतवार सर्वे सूची बनाएं।

  • शैक्षणिक सत्र शुरू होते ही स्कूली बच्चों को गणवेश एवं पाठ्य पुस्तकों का वितरण सुनिश्चित करें।

पेंशन प्रकरणों और चिन्हित सुरक्षा कैंपों के विकास की समीक्षा

बैठक में जनगणना, चिन्हित सुरक्षा कैंपों को शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा के रूप में विकसित करने, अंदरूनी बसाहटों को बारहमासी ग्रामीण सड़कों से जोड़ने और मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के संचालन पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों के लंबित पेंशन प्रकरणों को संवेदनशीलता से निराकृत करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में डिप्टी कमिश्नर बी.एस. सिदार, श्रीमती गीता रायस्त, विभिन्न विभागों के संभाग स्तरीय अधिकारी तथा नोडल अधिकारी मौजूद रहे। अन्य जिलों के जिला अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।


basant dahiya

मेरा नाम बसंत दहिया है। मैं लगभग 20 वर्षों से प्रिंट मीडिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं। इसी बीच मैंने बस्तर जिला व राजधानी रायपुर के प्रमुख समाचार पत्रों में अपनी सेवा देकर लोकहित एवं देशहित में कार्य किया है। वर्तमान की आवश्यकता के दृष्टिगत मैंने अपना स्वयं का न्यूज पोर्टल- समग्रविश्व अप्रेल 2024 से शुरू किया है जो जनहित एवं समाज कल्याण में सक्रिय है। इसमें आप सहयोगी बनें और मेरे न्यूज पोर्टल को सपोर्ट करें। "जय हिन्द, जय भारत"

Post a Comment

Previous Post Next Post