Traffic Alert: जगदलपुर में अब सख्ती – अवैध पार्किंग पर तुरंत चालान, एसपी शलभ सिन्हा का बड़ा आदेश

कलेक्टर बोले- कानून व्यवस्था के लिए पुलिस-प्रशासन का समन्वय जरूरी, एसपी ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर दी चेतावनी

कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा जगदलपुर में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश देते हुए
जगदलपुर। कलेक्टर आकाश छिकारा एवं पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा की अध्यक्षता में जिले में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हुई बैठक में अधिकारीगण। इस दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में पेट्रोलिंग बढ़ाने, यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालानी कार्रवाई और पुलिस-प्रशासन के बेहतर समन्वय पर चर्चा की गई।

जगदलपुर। जिले में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए कलेक्टर आकाश छिकारा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित जिले के सभी पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

नागरिक सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता:
कलेक्टर छिकारा ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के आदेश दिए।

प्रशासन व पुलिस के बीच बेहतर समन्वय जरूरी:
बैठक में संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शांति और विकास कार्यों को बाधित करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

एसपी शलभ सिन्हा का सख्त रुख:
वहीं, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस मिलकर काम करेंगे। उन्होंने यातायात को लेकर सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि शहर के बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए नियमों का पालन अनिवार्य होगा। अवैध पार्किंग, सड़कों पर अतिक्रमण और यातायात में बाधा डालने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

बिना अनुमति रैली-सभा पर होगी कार्रवाई:
एसपी ने यह भी साफ किया कि बिना पूर्व अनुमति के रैली निकालने या सभा करने वालों पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नागरिकों से अपील:
सिन्हा ने शहरवासियों से अपील की है कि निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि शहर में सुगम और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके। पुलिस प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर विशेष निगरानी रखेगी और जरूरत पड़ने पर विशेष अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करेगी।

इस अवसर पर ये रहे मौजूद:
बैठक में अपर कलेक्टर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सभी एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार और थाना प्रभारी उपस्थित थे।

basant dahiya

मेरा नाम बसंत दहिया है। मैं लगभग 20 वर्षों से प्रिंट मीडिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं। इसी बीच मैंने बस्तर जिला व राजधानी रायपुर के प्रमुख समाचार पत्रों में अपनी सेवा देकर लोकहित एवं देशहित में कार्य किया है। वर्तमान की आवश्यकता के दृष्टिगत मैंने अपना स्वयं का न्यूज पोर्टल- समग्रविश्व अप्रेल 2024 से शुरू किया है जो जनहित एवं समाज कल्याण में सक्रिय है। इसमें आप सहयोगी बनें और मेरे न्यूज पोर्टल को सपोर्ट करें। "जय हिन्द, जय भारत"

Post a Comment

Previous Post Next Post