छत्तीसगढ़ विद्युत अधिकारी-कर्मचारी पुरानी पेंशन अधिकार मंच की समीक्षा बैठक: OPS लागू कराने और 18 नवंबर के सामूहिक अवकाश की कार्य योजना पर मुहर
रायपुर, छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ विद्युत अधिकारी-कर्मचारी पुरानी पेंशन अधिकार मंच से जुड़े 12 संगठनों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक दिनांक 24 अक्टूबर को रायपुर अभियंता संघ कार्यालय में संपन्न हुई। इस बैठक में 5 अक्टूबर की ऐतिहासिक विशाल महासभा की सफलता पर चर्चा करते हुए सभी सहयोगियों को धन्यवाद ज्ञापित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही, 18 नवंबर 2026 (बुधवार) को एक दिन के सामूहिक अवकाश के संबंध में आम सहमति से लिए गए निर्णय पर विस्तार से चर्चा की गई और कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु एक विस्तृत कार्य योजना तैयार की गई।
NPS से OPS लागू कराने हेतु विद्युत कंपनी अध्यक्ष को निवेदन पत्र
बैठक में यह जानकारी दी गई कि विद्युत कंपनी में 1 जनवरी 2004 के पश्चात नियुक्त NPS धारक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संख्या लगभग 9020 है। कंपनी के अध्यक्ष महोदय को NPS से OPS लागू करने हेतु आवेदन पत्र दो प्रतियों में हस्ताक्षरित कर एक प्रति 5 नवंबर के पूर्व अधिकार मंच को देना है और एक प्रति अपने कार्यरत विभाग में प्रस्तुत करना है। अधिकार मंच द्वारा प्राप्त सभी आवेदनों को 12 नवंबर के पूर्व अध्यक्ष महोदय को प्रस्तुत किया जाएगा।
18 नवंबर के सामूहिक अवकाश हेतु आवेदन प्रक्रिया
सामूहिक अवकाश के संबंध में जारी आवेदन पत्र दो प्रतियों में प्राप्त कर एक प्रति 5 नवंबर तक अधिकार मंच को प्रस्तुत करनी है और एक प्रति उचित माध्यम से 15 से 17 नवंबर के मध्य अपने कार्य विभाग में जमा करनी है।
12 संगठनों द्वारा समर्थन पत्र
अधिकार मंच में शामिल सभी 12 संगठनों द्वारा अपने-अपने संगठन के माध्यम से कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशकों को NPS से OPS लागू करने तथा 18 नवंबर के एक दिन के सामूहिक अवकाश को पूर्ण समर्थन देने का उल्लेख करते हुए पत्र 31 अक्टूबर को अधिकार मंच को सौंपा गया।
फ्लेक्स बैनर लगाए जाएंगे
कंपनी मुख्यालय, सभी क्षेत्रीय मुख्यालय, विद्युत संयंत्र के मुख्य द्वार तथा वृत्त एवं संभागीय कार्यालयों के समक्ष 18 नवंबर के सामूहिक अवकाश का फ्लेक्स बैनर लगाया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी सभी संगठनों के क्षेत्रीय पदाधिकारियों एवं कोर कमेटी के सदस्यों की होगी।
सभी अधिकारी-कर्मचारियों से एकजुटता की अपील
अधिकार मंच ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों से निवेदन किया है कि उपरोक्त कार्य योजना के अनुसार अपनी एकता प्रदर्शित करते हुए NPS से OPS किए जाने के कार्यक्रम को निर्णायक एवं सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें। मंच की ओर से सभी ग्रुपों में कंपनी अध्यक्ष एवं अवकाश के संबंध में दिए जाने वाले आवेदन का प्रारूप भेजा जा रहा है, जिसकी हार्ड कॉपी संबंधित अधिकारी-कर्मचारी निकलवाकर या मंच/संगठन के पदाधिकारी से प्राप्त कर निर्धारित अवधि में अनिवार्य रूप से जमा करें।