ATM कार्ड बदलकर ठगी करने वाले अंतराज्यीय गिरोह को बस्तर पुलिस ने दबोचा, दो आरोपी गिरफ्तार

ATM कार्ड बदलकर ठगी करने वाले अंतराज्यीय गिरोह को बस्तर पुलिस ने दबोचा, दो आरोपी गिरफ्तार

बस्तर पुलिस की गिरफ्त में ATM कार्ड बदलकर ठगी करने वाले अंतराज्यीय गिरोह के दो आरोपी राजेश कुमार एवं भीम उर्फ भीमो हरिजन, साथ में जब्त मोटर साइकिल पैसन प्रो क्रमांक CG10 EQ 0255।
ATM कार्ड की अदला-बदली कर ठगी करने वाले अंतराज्यीय गिरोह के दो आरोपी बस्तर पुलिस की गिरफ्त में। साथ में घटना में प्रयुक्त जब्त मोटर साइकिल पैसन प्रो क्रमांक CG10 EQ 0255 भी दिखाई दे रही है।
जगदलपुर, 02 अक्टूबर 2026। ATM कार्ड की अदला-बदली कर ठगी करने वाले अंतराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बस्तर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों ने जगदलपुर के अलग-अलग जगहों एवं गीदम में घटना को अंजाम देते हुए एक प्रार्थी के खाते से 1 लाख 5 हजार रुपये की अनाधिकृत निकासी की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

कैसे हुई घटना? प्रार्थी की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला

ज्ञात हो कि थाना बोधघाट में प्रार्थी रामेश्वर बघेल निवासी संजय गांधी वार्ड जगदलपुर, थाना बोधघाट ने उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 13 फरवरी को जगदलपुर के बोधघाट चौक में स्थित इंडिया वन ATM में पैसा निकालने गया था। इसी दौरान उसके पीछे-पीछे दो व्यक्ति भी ATM बूथ के अंदर घुस गए और उसे अपनी बातों में बहला-फुसला कर प्रार्थी का ATM पिन कोड पता कर लिया। आरोपियों ने प्रार्थी के ATM कार्ड को अपने पास रखे डमी ATM कार्ड से बदल दिया और धोखाधड़ी करते हुए प्रार्थी के ATM कार्ड की मदद से उसके खाते से 30 हजार रुपये नगद आहरण एवं पॉस मशीन की मदद से 75 हजार रुपये कुल 1,05,000 रुपये अनाधिकृत रूप से निकालकर ठगी की। प्रार्थी की रिपोर्ट पर धारा 318(4) BNS अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल जांच शुरू की गई।

CCTV फुटेज और टावर डंप से खुलासा, ओडिशा से हुई गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में अति. पुलिस अधीक्षक सुखनन्दन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक डी धोत्रे सुमित कुमार दत्ता हरिराव के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बोधघाट टामेश्वर चौहान एवं रेंज सायबर थाना प्रभारी गौरव तिवारी के नेतृत्व में तत्काल कार्रवाई के लिए टीम तैयार की गई। टीम ने घटना स्थल के पास लगे CCTV कैमरा का फुटेज एकत्रित किया एवं आसपास के टावर डंप लेकर विश्लेषण किया गया। संदेह के आधार पर दो व्यक्तियों का लोकेशन चेक किया गया, जो हिसार, हरियाणा में होना पाया गया। लगातार ट्रैकिंग के दौरान संदेही का लोकेशन कोटपाड़ (ओडिशा) में मिला, जहां तत्काल रेड कार्यवाही करते हुए आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में कबूला अपराध, हरियाणा और ओडिशा भाग जाते थे आरोपी

पूछताछ में आरोपी राजेश कुमार ने बताया कि वह अपने साथी भीम उर्फ भीमो के साथ मिलकर 13फरवरी की सुबह प्रार्थी के ATM को अपने डमी ATM से बदलकर उसके खाते से कुल 1,05,000 रुपये निकालकर ठगी करना स्वीकार किया। आरोपी भीम उर्फ भीमो से पूछताछ करने पर उसने भी राजेश कुमार के साथ मिलकर अपराध घटित करना कबूल किया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद हरियाणा एवं ओडिशा भाग जाते थे, जिससे उनकी पहचान छिपाने में मदद मिलती थी। जिला के सायबर टीम एवं बोधघाट पुलिस के द्वारा संयुक्त कार्यवाही करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों के कब्जे से ये सामान जप्त

दोनों आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल CG10 EQ 0255, ATM कार्ड, पेन कार्ड (PAN Card), ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, टच स्क्रीन मोबाइल, नगदी रकम 1,600 रुपये एवं डमी ATM कार्ड जप्त किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

गिरफ्तार आरोपियों में राजेश कुमार उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम डाटा, थाना हांसी, जिला हिसार (हरियाणा) है, जबकि दूसरा आरोपी भीम उर्फ भीमो हरिजन उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम सुतिपदर, थाना कोटपाड, जिला कोरापुट (ओडिशा) है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा पर न्यायालय में पेश किया गया है।

महत्वपूर्ण भूमिका अदा करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारी

इस कार्रवाई में — निरीक्षक के रूप में टामेश्वर चौहान, गौरव तिवारी एवं सागर पाठक शामिल रहे। उप निरीक्षक के रूप में लोकेश्वर नाग एवं अमित सिदार ने जिम्मेदारी निभाई। प्रधान आरक्षक के रूप में पवन श्रीवास्तव, मौसम गुप्ता एवं अहिलेश नाग तथा आरक्षक के रूप में सोनू गौतम, महेंद्र पटेल, परमानन्द भोयर एवं संदीप राणा ने इस कार्यवाही में अहम योगदान दिया।

basant dahiya

मेरा नाम बसंत दहिया है। मैं लगभग 20 वर्षों से प्रिंट मीडिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं। इसी बीच मैंने बस्तर जिला व राजधानी रायपुर के प्रमुख समाचार पत्रों में अपनी सेवा देकर लोकहित एवं देशहित में कार्य किया है। वर्तमान की आवश्यकता के दृष्टिगत मैंने अपना स्वयं का न्यूज पोर्टल- समग्रविश्व अप्रेल 2024 से शुरू किया है जो जनहित एवं समाज कल्याण में सक्रिय है। इसमें आप सहयोगी बनें और मेरे न्यूज पोर्टल को सपोर्ट करें। "जय हिन्द, जय भारत"

Post a Comment

Previous Post Next Post