"पेट और सीने पर कई वार": जगदलपुर में दो परिवारों के विवाद में युवक की हत्या, पत्नी, पति और माता सहित तीन गिरफ्तार
![]() |
| जगदलपुर के कोतवाली क्षेत्र में मोहल्ले के विवाद में चाकू से हत्या करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। |
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री आशिंका जैन के पर्यवेक्षण में नगर निरीक्षक लीलाधर राठौर के नेतृत्व में की गई।
क्या है पूरा मामला?
ज्ञात हो कि थाना कोतवाली क्षेत्र में एक ही मोहल्ले में रहने वाले दो परिवारों के बीच आपसी वाद-विवाद चल रहा था। शनिवार की रात्रि लगभग 8:30 बजे इसी विवाद के चलते एक नाबालिग बालक ने अपने दादा झितरू बघेल, मां सरिता बघेल, दादी शोभा बघेल और नाबालिग बहन के साथ मिलकर मोहल्ले के मन्नू कश्यप को तेज धारदार हथियार (चाकू) से कई बार सीने, पेट और पीठ में वार कर हत्या कर दी।
मौके से आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से ही आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पूछताछ के आधार पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार (चाकू) को भी जब्त कर लिया गया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित न्यायिक रिमांड पर प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
सरिता बघेल उम्र 40 वर्ष
झितरू बघेल उम्र 75 वर्ष
शोभा बघेल उम्र 65 वर्ष
इसके अतिरिक्त घटना में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत निरुद्ध कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील
बस्तर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के विवाद या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून को हाथ में लेना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराधियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
