इंद्रावती किनारे माओवादी डंप से 3.84 किलो सोना और 24 लाख कैश बरामद, अब तक 8 करोड़ से ज्यादा की नगदी मिली
बीजापुर, छत्तीसगढ़ | 28 नवंबर 2026
बीजापुर के भैरमगढ़ क्षेत्र में इंद्रावती नदी के जंगलों से बरामद 330 तोला सोना (3.84 किलो), 24 लाख 22 हजार 500 रुपये की नगदी के साथ जानकारी देते पुलिस अधिकारी। वीडियो में बरामद सामग्री और एसपी का वर्जन भी शामिल है।
🚨 डीआरजी, थाना भैरमगढ़ एवं बीडीएस टीम की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता। जमीन के अंदर स्टील के डिब्बे में छिपाकर रखा गया था सोना और नगदी।
बीजापुर, छत्तीसगढ़: नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षा बलों को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना भैरमगढ़ क्षेत्रांतर्गत इंद्रावती नदी के आसपास के जंगल में जमीन के अंदर माओवादी डंप छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में DRG, थाना भैरमगढ़ पुलिस और BDS टीम द्वारा संयुक्त सर्चिंग अभियान चलाया गया।
थाना भैरमगढ़ से लगभग 8-10 किलोमीटर दूर इंद्रावती नदी के पास जंगल में चिन्हित स्थान पर सर्चिंग के दौरान BDS टीम द्वारा डिमाइनिंग और तलाशी की कार्रवाई में जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा बरामद किया गया। डिब्बे की तलाशी लेने पर उसमें 33 सोने के बिस्किट मिले, जिनका वजन प्रत्येक 10 तोला के हिसाब से कुल 330 तोला (3.84 किलोग्राम) है। इनकी अनुमानित कीमत ₹4,29,00,000 (चार करोड़ उनतीस लाख रुपये) आंकी गई है।
📦 बरामद सामग्री का विवरण
- सोने के बिस्किट: 33 नग (प्रत्येक 10 तोला), कुल 330 तोला (3.84 किलोग्राम)
- सोने की अनुमानित कीमत: ₹4,29,00,000 (चार करोड़ उनतीस लाख रुपये)
- नगद राशि: ₹24,22,500 (चौबीस लाख बाईस हजार पांच सौ रुपये) – ₹500 के नोटों में
बरामद नगद राशि और सोने के संबंध में थाना भैरमगढ़ में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
💰 अब तक की कुल बरामदगी: DRG, STF, CoBRA और CRPF के संयुक्त प्रयासों से बीजापुर क्षेत्र में अब तक माओवादी डंप से ₹8,24,33,300 (आठ करोड़ चौबीस लाख तैंतीस हजार तीन सौ रुपये) नगदी और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।