शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज के बाहर परीक्षार्थियों की लंबी कतारें, सुरक्षा बल रहे मुस्तैद
![]() |
| शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज, धरमपुरा के बाहर परीक्षा शुरू होने से पहले परीक्षार्थी सुरक्षा जांच के लिए लाइन में लगे हुए। मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। |
जगदलपुर (11 जून 2026)। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल (CG Vyapam) द्वारा बस्तर संभाग के लिए आयोजित प्री-बीएड और बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा गुरुवार को अत्यंत कड़ी सुरक्षा और सख्त नियमों के बीच संपन्न हुई। जिला प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक प्रबंध किए थे।
कुल परीक्षार्थियों का आंकड़ा:
प्री-बीएड परीक्षा: 2,938 पंजीकृत में से 2,219 परीक्षार्थी उपस्थित रहे (719 अनुपस्थित)।
बीएससी नर्सिंग परीक्षा: 1,040 पंजीकृत में से 725 परीक्षार्थी उपस्थित रहे (315 अनुपस्थित)।
कुल शामिल: 2,944 परीक्षार्थी।
परीक्षा केंद्रों की जानकारी:
जगदलपुर में कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें से:
बीएड के लिए 9 केंद्र: शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज धरमपुरा, बाल विहार हायर सेकण्डरी स्कूल, शासकीय दन्तेश्वरी पीजी महिला महाविद्यालय, शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या हायर सेकण्डरी स्कूल, शासकीय बहुउद्देशीय हायर सेकण्डरी स्कूल, सेजेस शासकीय कन्या हायर सेकण्डरी स्कूल गीदम रोड, स्वामी आत्मानंद स्कूल धरमपुरा, अग्रसेन चैक व रेलवे कालोनी।
नर्सिंग के लिए 4 केंद्र: शहीद गुण्डाधूर कृषि कॉलेज कुम्हरावण्ड, धरमु माहरा शासकीय महिला पॉलिटेक्निक धरमपुरा, शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल पथरागुड़ा, शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल आसना।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम:
कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशानुसार, प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की थी:
प्रवेश की शर्तें: परीक्षार्थियों को समय से ढाई घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य था।
सख्त जांच: मेन गेट पर मेटल डिटेक्टर से जांच, उसके बाद प्रवेश पत्र और पहचान पत्र का गहन सत्यापन।
ड्रेस कोड: हल्के रंग के कपड़े, केवल चप्पल (जूते-मोजे वर्जित), बिना घड़ी, गहने, बेल्ट, मोबाइल या किसी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के प्रवेश की अनुमति।
प्रशासनिक टीम:
परीक्षा के सफल संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर मनीष कुमार वर्मा नोडल अधिकारी थे। शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल श्रीवास्तव समन्वयक एवं सहायक प्राध्यापक डॉ. अजय सिंह ठाकुर सहायक समन्वयक रहे।
