नौकरी के नाम पर 8.95 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार, निरीक्षक की टीम ने की कार्रवाई
जगदलपुर। कोतवाली पुलिस ने नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने होमगार्ड और फॉरेस्ट विभाग में नौकरी का झांसा देकर 5 लोगों से कुल 8,95,000 रुपये ठगे थे। निरीक्षक लीलाधर राठौर की अगुवाई में पुलिस टीम ने आरोपी को आड़ावाल से दबोचा।
दरअसल क्या है मामला?
प्रार्थी नीरबत्ती कश्यप ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी कृष्ण कुमार वैष्णव ने उसे और उसके 4 अन्य साथियों को फॉरेस्ट गार्ड और होमगार्ड के पद पर नौकरी लगाने का झांसा दिया। इसके लिए उसने अलग-अलग लोगों से कुल 8,95,000 रुपये ले लिए, लेकिन नौकरी नहीं दी। आरोपी खुद को होमगार्ड और फॉरेस्ट विभाग में अच्छी पहचान वाला बताता था।
आरोपी कितना शातिर?
यह आरोपी पहले भी ठगी, मारपीट जैसे 07 अपराधों में शामिल रह चुका है। पुलिस के मुताबिक, इसके खिलाफ पहले से ही 7 मामले दर्ज हैं और यह एक हिस्ट्रीशीटर है। घटना के बाद से आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर लिया था और फरार चल रहा था।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के दिशानिर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के पर्यवेक्षण में निरीक्षक लीलाधर राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को आड़ावाल से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने फोनपे और नकद में पैसे लेना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को 14 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में टीम
निरीक्षक: लीलाधर राठौर
उप निरीक्षक: छबील तांडेकर
प्रधान आरक्षक: विनोद चांदने, राजपूत
आरक्षक: रंगलाल खरे, त्रिनाथ कश्यप, तामेश्वर चंद्राकर
